Rakesh Shremal
राकेश श्रीमाल इंदौर में जन्म। पढ़ाई की रस्मी अदायगी के साथ ही पत्रकारिता में शामिल हो गए थे। इंदौर के 'नवभारत' से पत्रकारिता की शुरुआत। फिर एकाधिक साप्ताहिक और सांध्य दैनिक में काम करते हुए मध्यप्रदेश कला परिषद की पत्रिका 'कलावार्ता' के सम्पादक बने। इसी बीच कला-संगीत-रंगमंच के कई आयोजन भी मित्रों के साथ युवा उत्साह में किए। प्रथम विश्व कविता समारोह, भारत भवन, कथक नृत्यांगना दमयंती जोशी, निर्मल वर्मा, खजुराहो नृत्य महोत्सव और कला और साम्प्रदायिकता पर कलावार्ता के विशेषांक निकाले। फिर मुंबई जनसत्ता में दस वर्ष काम करने के पश्चात महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय से 'पुस्तक वार्ता' के संस्थापक सम्पादक के रूप में जुड़े। मुंबई में रहते हुए उन्होंने 'थिएटर इन होम' नाट्य ग्रुप की स्थापना की। वे कुछ वर्ष ललित कला अकादमी, नई दिल्ली के कार्य परिषद सदस्य और उसके प्रकाशन परामर्श मंडल में रहे। दिल्ली में रहते हुए एक कला पत्रिका 'क' की शुरुआत की। उनके दो कविता संग्रह 'अन्य' (वाणी प्रकाशन) तथा 'कोई आया है शायद' (अद्वैत प्रकाशन) से प्रकाशित। चित्रकार सीरज सक्सेना से संवाद की एक किताब 'मिट्टी की तरह मिट्टी' सेतु प्रकाशन से प्रकाशित। प्रतिष्ठित वेब पत्रिका 'समालोचन' के एक दशक पूर्ण होने पर 'कला, संस्कृति और समय' पर एकाग्र संकलन प्रतिश्रुति प्रकाशन, कोलकाता से प्रकाशित। अद्वेत प्रकाशन से भिन्न अनुशासनों में कार्यरत व्यक्तित्वों की डायरी 'इतर' का संपादन। फिलहाल कोलकाता में इसी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र से 'ताना-बाना' पत्रिका का सम्पादन कर रहे हैं।
0 books available